BJP (बीजेपी) ने आज लोकसभा में कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि न्यूज़ क्लिक वेबसाइट में चीन का पैसा लगा है। उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि न्यूज़ क्लिक पर रेड पड़ी थी, उसके बारे में न्यूयॉर्क टाइम्स ने बड़ा खुलासा किया है। इसमें पता चला है कि न्यूज़ क्लिक में चीन का पैसा लगा था और ये पैसे कहां-कहां दिए गए थे।
उन्होंने कांग्रेस पर चीन के साथ साठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि जब चीन में ओलंपिक हुआ तो सोनिया गांधी को बुलाया गया था। 2017 में जब डोकलाम हुआ था तो राहुल गांधी चीन के अधिकारी के साथ बातचीत कर रहे थे।
चीन से फंडिंग का आरोप
उन्होंने एक वेबसाइट न्यूज क्लिक का जिक्र करते हुए कहा कि इस वेबसाइट के जरिए चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का प्रोपेगेंडा चलाया जाता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2021 में हमने न्यूज़क्लिक को बेनक़ाब किया कि कैसे विदेशी दुष्प्रचार भारत के ख़िलाफ़ है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि चीन के ग्लोबल मीडिया संस्थान से इसकी फंडिंग हुई है।
उन्होंने बताया कि जब इस वेबसाइट के ऊपर रेड हुई तो सामने आया कि एक विदेशी नेविल राय सिंघम ने इसकी फंडिंग की। ठाकुर ने दावा किया कि नेविल राय को चीन फंडिंग करता है. उसका संबंध कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की प्रोपेगेंडा शाखा के साथ है। उन्होंने कहा कि चीनी कंपनियां नेविल रॉय सिंघम के माध्यम से न्यूज़क्लिक को फंडिंग कर रही थीं, लेकिन उनके सेल्समैन भारत के कुछ लोग थे, जो उनके खिलाफ कार्रवाई होने पर उनके समर्थन में आ गए।
भारत विरोधी प्रोपेगैंडा
नेविल रॉय और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना के संबंधों को लेकर न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट की ओर इशारा करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, इस बात की पुष्टि उन अखबारों ने की है, जिनके बारे में कांग्रेस बड़ी-बड़ी बातें करती हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि फ्री न्यूज के नाम पर फेक न्यूज परोसी जा रही थी और कांग्रेस व अन्य दल फ्रीडम ऑफ स्पीच के नाम पर इनका साथ दे रहे थे।